डीग जिले की कुम्हेर नगर पालिका में वार्ड 20 के एक बूथ पर हंगामा हो गया। लोग फर्जी मतदान का आरोप लगाकर उलझ रहे थे। ऐसे में टीम के साथ मौके पर पहुंचे कुम्हेर थाना SHO जितेंद्र चौधरी ने लोगों पर लाठी बरसाकर उन्हें तितर-बितर कर दिया। लोगों को घरों में बंद कर दिया गया। बता दें कि कुम्हेर के वार्ड 20 में गुरुवार दोपहर वोटिंग के दौरान बारिश आ जाने के कारण मतदान धीमा पड़ गया। बारिश रुकने के बाद मतदाता वोट करने के लिए घरों से निकलकर बूथ पर पहुंचे तो कुछ लोगों ने फर्जी मतदान होने का आरोप लगा दिया। इसके बाद मतदान केंद्र पर भीड़ जुटना शुरू गई। प्रत्याशियों के समर्थक हंगामा करने लगे। प्रत्याशियों के समर्थकों में आपसी कहासुनी शुरू हो गई। बूथ पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें बूथ के पास से हटाने की कोशिश की लेकिन लोग नहीं माने। SHO ने लोगों को मारी लाठियां हंगामे की सूचना कुम्हेर थाना पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस जाब्ता लेकर मौके पर पहुंची। भीड़ को देख कुम्हेर थाना अधिकारी जितेंद्र चौधरी ने भीड़ पर लाठीचार्ज करना शुरू कर दिया। लाठियां चलते देख लोग वहां से भागने लगे और घरों में घुस गए। पुलिस ने उन्हें बाहर न निकलने की हिदायत दी।