लालसोट में नगर निकाय चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशियों को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पूर्व मंत्री परसादी लाल मीणा रविवार को लालसोट अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के दफ्तर पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पूर्व मंत्री बोले-हरियाणा से आए बदमाश पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 34 और वार्ड नंबर 21 के कांग्रेस प्रत्याशियों को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि हरियाणा से कई गाड़ियों में कुछ बदमाश लालसोट आए हैं और उनके पास हथियार भी हैं। परसादी लाल मीणा ने बताया- हरियाणा से आए ये बदमाश लालसोट की एक होटल में रुके हुए हैं। उन्होंने एक शिक्षक और किन्नर प्रत्याशी समेत कुछ अन्य लोगों के भी इन बदमाशों के संपर्क में होने की बात कही। पूर्व मंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से भी फोन पर बात की। उन्होंने कांग्रेस के दोनों प्रत्याशियों और उनके परिवार वालों को सुरक्षा देने की मांग की है। एएसपी ने कार्रवाई का दिया भरोसा एएसपी विनोद सीपा ने बताया कि पूर्व मंत्री परसादी लाल मीणा अपने प्रत्याशियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उनसे मिले थे। उन्हें भरोसा दिलाया गया है कि मामले में निष्पक्ष और सही कार्रवाई की जाएगी।