भास्कर न्यूज | सादुलपुर नवरात्र के अवसर पर कस्बे में दो स्थानों पर मां दुर्गा पूजा महोत्सव होगा। जोगी आश्रम व होली टिब्बा स्थित वाल्मीकि बस्ती में रविवार को दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। जोगी आश्रम के महंत धर्मनाथ ने बताया कि रविवार सुबह 8 बजे रामबास स्थित सैन मंदिर से आश्रम तक कलश यात्रा निकाली जाएगी। सुबह 9.15 बजे नवरात्र स्थापना होगी। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम 8.15 बजे महाआरती और रात 9.15 बजे भजन कार्यक्रम होंगे। समापन 19 अक्टूबर को विसर्जन के साथ होगा। आयोजन में महंत निर्मल नाथ महाराज, बाल योगी महंत कृष्ण नाथ महाराज एवं महंत धर्मनाथ का सान्निध्य रहेगा। इसी तरह होली टिब्बा स्थित वाल्मीकि बस्ती में नवयुवक दुर्गा भगत मंडल की तरफ से रविवार सुबह शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद पूजा पंडाल में विधि-विधान से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित होगी। नवरात्र के दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम महाआरती और रात को स्थानीय सहित बाहर से आने वाले भजन गायकों द्वारा भजन प्रस्तुत किए जाएंगे। इधर, मनसा माता मंदिर सेवा ट्रस्ट, लंबोर बड़ी की तरफ से नवरात्रि महोत्सव 2026 का शुभारंभ रविवार से धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत के साथ होगा। आयोजन में कलश स्थापना, शोभायात्रा, शतचंडी पाठ व यज्ञ, महाआरती व जागरण आदि कार्यक्रम होंगे। ट्रस्ट के लक्ष्मीनारायण तांबाखेड़ीवाला ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ रविवार को सुबह 7.15 बजे कलश स्थापना के साथ होगा। इसके बाद 17 अक्टूबर को दोपहर 3.15 बजे मनसा माता मंदिर से शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही रविवार से शतचंडी पाठ व यज्ञ का शुभारंभ होगा। 18 अक्टूबर को सुबह 11.15 बजे से भंडारा लगाया जाएगा। इसी दिन रात 7.15 बजे मां की महाआरती होगी। रात 9.15 बजे जागरण कार्यक्रम होगा।