महेंद्रगढ़ जिले के कनीना शहर में बस स्टैंड के पीछे रहने वाली 20 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन पता नहीं चलने पर पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर शहर कनीना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में युवती के भाई ने बताया कि वह मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर जिले का रहने वाला है और पिछले करीब सात साल से कनीना में परिवार के साथ रह रहा है। वह मकानों पर लेंटर डालने का काम करता है। उसकी करीब 19-20 वर्षीय बहन भी उनके साथ रहती थी। रुपए भी साथ ले गई शिकायत के अनुसार, वह करीब 12:30 बजे परिवार के सदस्य काम पर गए हुए थे। इसी दौरान वह घर से बिना बताए कहीं चली गई। वह अपने साथ घर से कुछ रुपए भी ले गई। परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवती के पास मोबाइल फोन नहीं है और वह पढ़ी-लिखी नहीं है। घटना के समय उसने पीले रंग का सूट और हवाई चप्पल पहन रखी थी। उसकी लंबाई करीब 5 फीट 4 इंच बताई गई है। साथ काम करने वाले युवक पर जताया शक परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनके साथ सुमित नाम का युवक भी काम करता था, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। उन्हें शक है कि वह उसके साथ कहीं गई हो सकती है। शिकायत के अनुसार, सुमित का मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है। पुलिस अब युवती की तलाश के साथ सुमित के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। शिकायत के आधार पर शहर कनीना थाना पुलिस ने 3 अक्टूबर को बीएनएस की धारा 127(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम युवती की तलाश में संभावित स्थानों पर जानकारी जुटा रही है।