एशियन गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाली निशानेबाज माहेश्वरी चौहान शनिवार को उदयपुर पहुंची। खेल जगत की हस्तियों और खेल प्रेमियों ने माहेश्वरी का स्वागत किया। राजसमंद राइफल एसोसिएशन की ओर से फतहसागर स्थित राज बाग में शाम को आयोजित सम्मान समारोह में माहेश्वरी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनकी मेहनत, संघर्ष और सफलता को सलाम किया गया। तालियों के साथ फूल बरसाते हुए उनकी अगवानी की गई। इससे पहले शनिवार सुबह दिल्ली और उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट पर तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया गया। उदयपुर में शाम को हुए समारोह में सबसे पहले माहेश्वरी के परिवारजन राघवेंद्र सिंह राठौड़, प्रदीप सिंह चौहान, अधिराज सिंह राठौड़, अनंत सिंह राठौड़ और जितेंद्र सिंह राठौड़ ने अगवानी के साथ स्वागत कर बधाई दी। गांव की मिट्टी से निकलकर जापान में तिरंगा लहराया समारोह में वक्ताओं ने माहेश्वरी की उपलब्धि को याद करते हुए कहा कि एक छोटे से गांव की मिट्टी से निकलकर जापान में तिरंगा ऊंचा करना कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। उनके एशियन गेम्स पदक के पीछे वर्षों की मेहनत, अनगिनत घंटे का अभ्यास, त्याग और परिवार का अटूट विश्वास रहा है। यहां पर उदयपुर, राजसमंद, बांसवाड़ा और जालौर के प्रमुखजनों ने स्वागत किया। पिता ने गांव में बनवा दी शूटिंग रेंज वक्ताओं ने माहेश्वरी की सफलता की कहानी में परिवार के योगदान को भी विशेष रूप से याद किया गया। उन्हें निशानेबाजी की शुरुआती सीख अपने दादा से मिली। पिता प्रदीप सिंह चौहान ने बेटी की प्रतिभा को पहचाना और उसके सपने को उड़ान देने के लिए जालोर जिले के सियाणा गांव में ही शूटिंग रेंज तैयार करवाई। पेरिस ओलंपिक की निराशा को बनाया नई मेहनत की वजह राजसमंद राईफल एसोसिएशन के अध्यक्ष, उदयपुर के उद्यमी और माहेश्वरी के ससुर राघवेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा- जब पेरिस ओलंपिक में पदक बेहद मामूली अंतर से निकल गया था। उस निराशा के बावजूद माहेश्वरी ने रुकना स्वीकार नहीं किया। राजसमंद के केलवा स्थित शूटिंग रेंज पर लगातार अभ्यास जारी रखा और अपने लक्ष्य पर निशाना साधती रहीं। आखिरकार जापान में उनकी मेहनत रंग लाई और एशियन गेम्स में पदक जीतकर उन्होंने देश का गौरव बढ़ाया। बेटी के लंबे संघर्ष का परिणाम है इस मौके पर माहेश्वरी के पिता जालोर राईफल एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान ने कहा कि केवल सुविधा मिल जाने से सफलता हासिल नहीं होती। माहेश्वरी ने उस अवसर को अपनी मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास से सफलता में बदला। राष्ट्रीय और अंतरर्राष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियों के बाद एशियन गेम्स में कांस्य पदक उनके इसी लंबे संघर्ष का परिणाम है। बहू को ससुराल ने भी आगे बढ़ाया समारोह में उदयपुर राईफल एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरमदेव सिंह कृष्णावत ने कहा- माहेश्वरी ने सिर्फ एक पदक नहीं जीता, बल्कि अपने परिवार का विश्वास, अपने गांव का मान और राजस्थान का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता आने वाली बेटियों के लिए भी प्रेरणा है कि वे बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत के साथ आगे बढ़ें। कृष्णावत ने कहा कि जालोर से बेटी उदयपुर आ गई, लेकिन यहां ससुराल में भी बहू को राईफल शूटिंग में आगे बढ़ने के लिए उसको सपोर्ट करते हुए उत्साह बढ़ाया। इस दौरान बांसवाड़ा राइफल संघ के अध्यक्ष दिव्य राज सिंह, राजसमंद राइफल संघ के उपाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह राठौड़, कायाकिंग केनोइंग के पूर्व चेयरमैन पीयूष कच्छावा, उदयपुर बेडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल भंडारी, उदयपुर जिम्नास्टिक एसोसिएशन के अध्यक्ष हिम्मत सिंह चौहान, पूर्व जिला खेल अधिकारी शकील हुसैन ने भी स्वागत किया। एशियन गेम्स 2026 में माहेश्वरी ने नाम कमाया माहेश्वरी ने एशियन गेम्स 2026 की महिला स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। आइची-नागोया में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। भारतीय टीम में शामिल माहेश्वरी चौहान, राइजा ढिल्लों, परिनाज धालीवाल ने 331 अंकों के संयुक्त स्कोर के साथ यह सफलता पाई। इस स्पर्धा में चीन ने स्वर्ण पदक जीता। कजाकिस्तान ने रजत पदक जीता। प्रधानमंत्री दे चुके बधाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 23 सितंबर को महिलाओं की स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर परिनाज धालीवाल, माहेश्वरी चौहान और राइजा ढिल्लों को बधाई दे चुके है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी एकाग्रता, सटीकता और टीमवर्क ने भारतीय खेलों के लिए एक और गर्व का क्षण दिया है। उन्होंने इन खिलाड़ियों को उनके आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं भी दीं। जालोर में जन्मी माहेश्वरी उदयपुर की बहू माहेश्वरी ने जालौर में अपने दादा गणपत सिंह एवं पिता प्रदीप सिंह से निशानेबाजी की सीख ली। पिता ने बेटी की प्रतिभा को पहचानते हुए उसके सपनों को उड़ान देने के लिए जालौर के सियाणा गांव में ही शूटिंग रेंज तैयार करवाई। शादी के बाद माहेश्वरी ने केलवा स्थित राजसमंद राइफल शूटिंग संघ की शूटिंग रेंज पर अभ्यास कर अपनी प्रतिभा को और निखारा। परिवार ने भी उनके खेल सफर में हर संभव सहयोग दिया। 4 जुलाई 1996 को जालौर के सियाणा गांव में जन्मी माहेश्वरी ने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से पढ़ाई की। वह वर्तमान में केलवा स्थित जिला राइफल संघ की शूटिंग रेंज में अभ्यास करती हैं। उनके पति अधिराज सिंह हैं और वे राजसमंद के पूर्व सांसद हरिओम सिंह के परिवार से हैं।