मलारना डूंगर क्षेत्र में बजरी के अवैध स्टॉक करने मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट की रोक के बावजूद क्षेत्र में जगह-जगह बजरी का स्टॉक किया जा रहा है। इन स्टॉक से रात के समय वाहनों के जरिए बजरी का परिवहन भी किए जाने का आरोप है। लोगों ने प्रशासन और खनिज विभाग से मौके पर जांच कर कार्रवाई की मांग की है। मंतर होटल के पीछे बड़ी मात्रा में स्टॉक मलारना डूंगर-मानोली प्याऊ के पास मंतर होटल के पीछे बड़ी मात्रा में बजरी के स्टॉक बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां सैकड़ों टन बजरी जमा है। आरोप है कि रात के अंधेरे में वाहनों के जरिए इन स्टॉक से बजरी को दूसरे स्थानों पर पहुंचाया जाता है। लोगों का कहना है कि इन स्टॉक की नियमानुसार जांच की जाए तो बजरी के स्रोत, परिवहन और भंडारण से जुड़े तथ्य सामने आ सकते हैं। अवैध भंडारण और परिवहन से सरकार को राजस्व नुकसान होने की आशंका है। साथ ही खनन नियमों की अनदेखी का भी आरोप है। जांच के बाद कार्रवाई होगी स्थानीय लोगों ने प्रशासन और खनिज विभाग से संबंधित स्थानों पर तत्काल टीम भेजकर जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि स्टॉक अवैध पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। सहायक खनिज अभियंता राजेंद्र भट्ट ने बताया - फिलहाल चुनाव ड्यूटी में व्यस्त हैं। टीम को संबंधित स्थानों पर जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द ही बजरी के स्टॉक की जांच कर दस्तावेजों और वैधता की पड़ताल की जाएगी। अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।