जोधपुर के मंडोर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर मुख्य मार्गों, पेट्रोल पंप और सार्वजनिक स्थानों पर लगे 500 से ज्यादा CCTV कैमरों की तलाशी, तकनीकी विश्लेषण और संदिग्धों के हुलिए के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया के निर्देश पर डीसीपी ईस्ट शाहीन सी, एडीसीपी नरेंद्र सिंह देवड़ा और एसीपी अनिल शर्मा के सुपरविजन में मंडोर थानाधिकारी सुरेश सारण के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। घर के ताले तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी पहली वारदात लालसागर निवासी मनफूल गौड़ के मकान में हुई। 22 सितंबर को मनफूल के नागौर जाने के दौरान चोरों ने मकान के ताले तोड़ दिए और अलमारी से 3.32 लाख रुपए नकद, 5.5 तोले सोने और 200 ग्राम चांदी के गहने चोरी कर लिए। पुलिस ने मामले में चांदपोल निवासी जाबिद शाह (24) को गिरफ्तार किया है। किराना दुकान से सामान, मोबाइल और चांदी के जेवर चोरी वहीं,दूसरी घटना लालसागर स्थित लूणकरण सोनी की दुकान में हुई। 3-4 सितंबर की रात करीब 12 बजे बदमाशों ने दुकान का शटर खींचकर करीब 15 हजार रुपए का किराना सामान, 3 मोबाइल फोन और चांदी के गहने चोरी कर लिए थे। इस मामले में पुलिस ने पाली जिले के सिरियारी थाना क्षेत्र निवासी पिंटू सिंह (21) और खुमानसिंह (21) को मारवाड़ जंक्शन से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब चोरी किए गए सामान की बरामदगी के साथ ही आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।