राजसमंद | फोटोग्राफी क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों को एकजुट करने और संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिलेभर के फोटोग्राफरों की बैठक हुई। इसमें संगठन के आगामी स्वरूप, कार्यकारिणी गठन और चुनाव प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत फोटोग्राफी क्षेत्र में लंबे समय से सेवाएं दे रहे वरिष्ठ सदस्यों के सम्मान से हुई। वरिष्ठ फोटोग्राफरों ने अपने अनुभव साझा कर नए सदस्यों को बदलते दौर के साथ आगे बढ़ने का मार्गदर्शन दिया। वरिष्ठ सदस्यों का किया सम्मान : मुख्य अतिथि भरत पालीवाल (गीता स्टूडियो), जगदीश पालीवाल (सरस्वती स्टूडियो), भीमशंकर पालीवाल (श्रीराम स्टूडियो), दिनेश गुप्ता (गुप्ता स्टूडियो), शर्मा (केलवा), हरीश (केलवा) और मनोज अग्रवाल (अग्रवाल स्टूडियो) का सम्मान किया गया। उन्होंने फोटोग्राफी के शुरुआती दौर के अनुभव साझा किए। बैठक में राजसमंद फोटोग्राफर एसोसिएशन की कार्यकारिणी के गठन और आगामी चुनाव प्रक्रिया पर विचार-विमर्श हुआ। फोटोग्राफरों के व्यावसायिक हितों की सुरक्षा और पेशे से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। नाथद्वारा श्रीजी फोटोग्राफर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उपस्थित सदस्यों ने एकजुट होकर संगठन के हित में काम करने का संकल्प लिया।