कार्यालय संवाददाता| करौली करौली में राजकीय संप्रेक्षण किशोर गृह से एक बाल अपचारी मध्यरात्रि करीब 2 बजे फरार हो गया। किशोर अपने कमरे से बाहर निकला और चैनल गेट पार कर परिसर में बने छज्जे के सहारे छत पर पहुंचा। इसके बाद वह छत से कूदकर बाहर निकल गया। सुबह घटना का पता चलने पर किशोर गृह प्रशासन में हड़कंप मच गया और कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस अब किशोर गृह में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में कमरे से निकलने से लेकर छत पर जाने और वहां से बाहर कूदने तक की गतिविधियां कैद होने की जानकारी है। पुलिस इन वीडियो के आधार पर किशोर के भागने की दिशा और संभावित मार्गों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। घटना ने किशोर गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। जांच में यह देखा जा रहा है कि रात में तैनात कर्मचारियों की निगरानी के बावजूद किशोर चैनल गेट तक कैसे पहुंचा और छत पर चढ़ने का मौका कैसे मिला। जिस रास्ते से वह बाहर निकला, वहां सुरक्षा के इंतजाम और ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों की भूमिका भी जांच का हिस्सा है। प्रशासन के अनुसार फरार किशोर की उम्र करीब 16 वर्ष 2 माह है। वह पोक्सो अधिनियम से जुड़े लगभग छह महीने पुराने मामले में किशोर गृह में निरुद्ध था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। सहायक निदेशक पवन कुमार गुप्ता ने कहा कि पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर तलाश जारी है। गुप्ता के अनुसार मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है। यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ड्यूटी पर लगे गार्डों को हटाने के लिए संबंधित एजेंसी को निर्देश दिए गए हैं।