छीपाबड़ौद| दूध के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर दूध विक्रेताओं ने रविवार से केलखेड़ी चौराहे पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। दूध विक्रेताओं ने मांग पूरी होने तक दूध की सप्लाई बंद रखने का निर्णय लिया है। दूध विक्रेताओं का कहना है कि दूध खरीदने वाली एजेंसियों की ओर से वर्तमान रेट में बढ़ोतरी नहीं की जा रही है। जब तक खरीद दर में बढ़ोतरी नहीं की जाती, तब तक कोई भी दूध विक्रेता कंपनी की बीएमसी में दूध नहीं देगा और न ही बाजार में दूध की सप्लाई करेगा। विक्रेताओं के अनुसार 6 सितंबर से आगामी निर्णय तक दूध की सप्लाई पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया गया है। उनका कहना है कि दूध की सप्लाई बंद होने से आमजन को होने वाली परेशानी के लिए उन्हें भी दुख है, लेकिन मौजूदा दाम में उन्हें उचित भुगतान नहीं मिल रहा है। इसी मांग को लेकर धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं रविवार को दूध की सप्लाई नहीं होने के कारण आमजन को चाय के लिए परेशान होना पड़ा।