डूंगरपुर के सागवाड़ा उपखंड के ठाकरडा गांव में दिगंबर जैन समाज के पर्युषण पर्व का समापन हुआ। इस अवसर पर गांव में काष्ठ रथ यात्रा निकाली गई। रथ यात्रा के दौरान गाजे-बाजे की धुन पर जैन धर्मावलंबी लोग शामिल हुए। जैन समाज की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भक्ति गीत और भजन गाए। पूरे गांव में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने रथ यात्रा का स्वागत किया और भगवान पार्श्वनाथ के सामने अर्घ्य चढ़ाकर आरती की। सागवाड़ा विधायक शंकर लाल डेचा भी ठाकरडा पहुंचे। उन्होंने भगवान पार्श्वनाथ के दर्शन किए और चरणों में अर्घ्य चढ़ाकर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। रथ यात्रा में जैन समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु मौजूद रहे।