पंजाब पुलिस के एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस (CIA स्टाफ) ने एक संयुक्त कार्रवाई के दौरान बड़े गैंगस्टर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक बड़ी वारदात को टालते हुए राजस्थान के रहने वाले दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से ऑस्ट्रिया निर्मित अत्याधुनिक 9mm ग्लॉक (Glock) पिस्तौल, 20 जिंदा कारतूस और एक काले रंग का यामाहा एफजेड (Yamaha FZ) मोटरसाइकिल (नंबर HP03-D-2599) बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राधे श्याम पुत्र सेन नारायण और राहुल कुमार पुत्र श्रवण कुमार के रूप में हुई है। ये दोनों मूल रूप से राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रावला मंडी इलाके के रहने वाले हैं। विदेशी हैंडलर हरमन संधू का हाथ पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे अपने आका (हैंडलर) हरमन संधू के लगातार संपर्क में थे। हरमन संधू के कहने पर ही ये आरोपी चंडीगढ़ और मोहाली के बड़े कारोबारियों के घरों व दफ्तरों पर फायरिंग कर दहशत फैलाने और भारी रंगदारी वसूलने की फिराक में थे। नहरी विभाग की खाली जमीन के पास दबोचा आरोपी फिरोजपुर रोड लुधियाना पर नहरी विभाग की खाली जमीन के पास किसी वारदात को अंजाम देने के लिए अपने साथियों का इंतजार कर रहे थे, तभी 3 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर इन्हें धर दबोचा गया। दोनों आरोपियों का पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड है। राधे श्याम पर पहले से ही राजस्थान के रावला मंडी और अनूपगढ़ में 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि राहुल कुमार पर भी रावला मंडी में 1 मामला दर्ज है। FIR और पुलिस रिमांड इस मामले में थाना डिवीजन नंबर-8, लुधियाना में 3 अक्टूबर 2026 को एफआईआर (FIR) नंबर 300 दर्ज की गई है। यह मामला बीएनएस (BNS) की धारा 111(1), 308(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है। अब पुलिस इनसे गहराई से पूछताछ कर रही है कि इन्होंने यह विदेशी हथियार कहां से हासिल किया और इस नेटवर्क से जुड़े इनके अन्य साथी कौन हैं। राज्य में संगठित अपराध को नेस्तनाबूद करने के लिए पुलिस अपनी कार्रवाई तेज कर रही है।