फूड रेगुलेटर FSSAI ने डॉ. रेड्डीज, नेस्ले हेल्थ साइंस, तिरुपति वेलनेस, फ्लिपकार्ट, अमेजन और नेटमेड्स को ऐसे प्रोडक्ट बेचने के लिए नोटिस जारी किए हैं, जिनमें लीन मसल्स (बिना फैट वाली मांसपेशियां) बनाए रखने के लिए ज्यादा प्रोटीन सपोर्ट का गुमराह करने वाला दावा किया गया था। गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया (FSSAI) ने कहा कि कंपनियों को यह बताने के लिए कहा गया है कि उनके खिलाफ़ कार्रवाई क्यों न की जाए। रेगुलेटर ने आगे कहा कि पैक पर मसल स्ट्रेंथ (मांसपेशियों की ताकत), इम्यूनिटी सपोर्ट और एनर्जी मेटाबॉलिज़्म के बारे में जो दावे छापे गए थे, उन्हें इस तरह से दिखाया गया था जिससे ग्राहकों को प्रोडक्ट के हेल्थ फायदों के बारे में गुमराह किया जा सके। आज की अन्य बड़ी खबरें… पश्चिम एशिया और ब्लैक सी में हुए हमलों में 16 भारतीय नाविकों की मौत पश्चिम एशिया और फारस की खाड़ी क्षेत्र में जारी संघर्षों के दौरान अब तक 11 भारतीय नाविकों की मौत हुई है। शिपिंग सचिव विजय कुमार ने गुरुवार को यह जानकारी दी। वहीं, ब्लैक सी में हमलों के चलते 5 भारतीय नाविकों की जान गई है। इस तरह दोनों क्षेत्रों में कुल 16 भारतीय नाविकों की मौत हुई है। विजय कुमार ने बताया कि भारत सरकार स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से 4,232 भारतीय नाविकों को सुरक्षित भारत ला चुकी है। अधिकारी के मुताबिक, 28 फरवरी से अब तक भारतीय हित वाले 74 जहाज हॉर्मुज से गुजर चुके हैं। इनमें 25 भारतीय झंडे वाले जहाज हैं, जबकि बाकी विदेशी झंडे वाले जहाज हैं। फिलहाल हॉर्मुज क्षेत्र में 8 भारतीय झंडे वाले जहाज मौजूद हैं। इनमें 6 जहाज सामान्य रूप से कारोबार कर रहे हैं, जबकि 2 कंटेनर जहाज हैं। 20 बागी TMC सांसदों की बैठक में 10 रहे गैरहाजिर, स्पीकर के नोटिस पर हुई चर्चा तृणमूल कांग्रेस (TMC) से बगावत कर NCPI के साथ जाने वाले 20 सांसदों की गुरुवार को कोलकाता में बैठक हुई। इनमें से आधे यानी 10 सांसद बैठक में शामिल नहीं हुए। बैठक में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की ओर से जारी अयोग्यता नोटिस और आगे की कानूनी व राजनीतिक रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक वरिष्ठ सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय ने एक होटल में बुलाई थी। हालांकि इसे दुर्गा पूजा से पहले अनौपचारिक मिलन बताया गया, लेकिन 10 सांसदों की गैरहाजिरी ने बैठक को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बना दिया। बैठक में शामिल सांसदों ने गैरहाजिर सदस्यों की अनुपस्थिति को लेकर किसी तरह के मतभेद से इनकार किया। उनके मुताबिक कुछ सांसद विदेश में हैं, किसी के परिवार में स्वास्थ्य संबंधी समस्या है, जबकि कुछ अन्य पहले से तय कार्यक्रमों में व्यस्त हैं। थप्पड़ मामले में प्रवेश वर्मा को दिल्ली हाईकोर्ट का नोटिस, पुलिस से भी जवाब मांगा; मंत्री ने AAP कार्यकर्ता को मारा था दिल्ली हाईकोर्ट ने पुलिस और PWD मंत्री प्रवेश वर्मा से उस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग वाली याचिका पर जवाब मांगा है, जिसमें नेता ने AAP के एक वर्कर को थप्पड़ मारा था। पिछले महीने सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए थे जिनमें वर्मा एक व्यक्ति को थप्पड़ मारते हुए दिखे थे। वह व्यक्ति मंत्री के सड़क के निरीक्षण का वीडियो बना रहा था, जिसका निरीक्षण खराब काम के आरोपों के बाद किया जा रहा था। मंत्री पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में हाल ही में बनी सड़क का निरीक्षण कर रहे थे। AAP विधायक जरनैल सिंह ने काम की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और सड़क की सतह के कुछ हिस्सों को हाथ से उखाड़ दिया। तभी मंत्री ने उस व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया जो बातचीत का वीडियो बना रहा था। मुंबई के मुलुंड ईस्ट में मजदूरों के कैंप में आग लगी, सात सिलेंडर फटे मुंबई के मुलुंड ईस्ट के नवघर में नगर निगम के PAP प्रोजेक्ट के मजदूरों के लिए बने एक टेम्पररी कैंप में गुरुवार दोपहर को भीषण आग लग गई। आग के दौरान एक के बाद एक सात गैस सिलेंडर फट गए। फायर ब्रिगेड ने समय रहते सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। आग पर काबू पाने में करीब 2 घंटे के समय लगा। जम्मू-कश्मीर के रामबन में SUV खाई में गिरी, 2 की मौत; 7 गंभीर रूप से घायल जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में बुधवार रात एक SUV सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, वाहन में कुल 9 लोग सवार थे। हादसे में वाहन चालक विजय सिंह और 26 साल के सुनील सिंह की मौत हुई। SUV चिन्थन की ओर जा रही थी, तभी वह सड़क से फिसल गई। घायलों में से एक को जम्मू रेफर किया गया है, जबकि बाकी छह को इलाज के लिए अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। ओडिशा के गर्ल्स हॉस्टल में खाना खाने से 46 छात्राएं बीमार, मयूरभंज में इस साल का 5वां मामला ओडिशा के मयूरभंज जिले के एक गर्ल्स हॉस्टल में खाना खाने के बाद 46 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। मामला बड़साही ब्लॉक के मंत्री SSD गर्ल्स हाई स्कूल का है। छात्राओं के बीमार होने के बाद जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन के मुताबिक, 8 छात्राओं का इलाज मंत्री हेल्थ सेंटर और 11 का बड़साही ग्रुप हेल्थ सेंटर में चल रहा है। बाकी 27 छात्राओं का इलाज स्कूल हॉस्टल में ही किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल छात्राओं की हालत गंभीर नहीं है। बीमारी की सही वजह अभी सामने नहीं आई है। जिला कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि छात्राओं की तबीयत खराब होने की वजह क्या थी और क्या इसका संबंध रात में खाए गए खाने से है। मयूरभंज में इस साल हॉस्टल और आवासीय स्कूलों में छात्रों के बीमार होने या खाने से जुड़ी शिकायतों का यह 5वां मामला है। इससे पहले अप्रैल में काकाबांधा आश्रम स्कूल, जुलाई-अगस्त में सरगोड़ा KGBV, अगस्त में बड़ासिमुलिया SSD गर्ल्स हाई स्कूल और सितंबर में बिशीपुर आश्रम स्कूल से जुड़े मामले सामने आए थे। दिल्ली के DDA पार्क में युवक की डूबने से मौत, सुरक्षा जाली पार कर पानी में उतरा था, शव बरामद दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित अशोका DDA पार्क में पानी में उतरने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई। DDA के मुताबिक, घटना 7 अक्टूबर की है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, व्यक्ति वॉटर बॉडी के चारों ओर लगी लोहे की सुरक्षा जाली पार कर पानी में उतर गया था। वहां पानी में उतरने और तैरने से मना करने वाले चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। मौके पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन गार्ड के पहुंचने तक वह पानी में जा चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही बीट ऑफिसर और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। बाद में व्यक्ति का शव पानी से बरामद कर लिया गया। करीब 1.75 एकड़ में फैली इस वॉटर बॉडी की गहराई 10 से 11 फीट है। मामले की आगे जांच की जा रही है। तमिलनाडु में हिंदी कवर वाली दवाओं के वितरण पर रोक, तीन भाषा नीति लागू करने का आरोप तमिलनाडु के कोयंबटूर और करूर के सरकारी अस्पतालों में दवाएं रखने वाले तीन भाषाओं में छपे कवर का वितरण रोक दिया गया है। इन पर दवा की खुराक संबंधी जानकारी तमिल, अंग्रेजी और हिंदी में छपी थी। द्रमुक नेता टीआरबी राजा ने आरोप लगाया कि राज्य के सरकारी अस्पतालों में भी तीन भाषा नीति लागू की जा रही है। वहीं, अधिकारियों ने कहा कि इनका इस्तेमाल 18 महीने से हो रहा है। पिछली सरकार के कार्यकाल में भी इनका उपयोग हुआ था। राज्य में हिंदी विरोध का इतिहास आजादी से पहले का है। 1937 में स्कूलों में हिंदी को अनिवार्य किए जाने के खिलाफ पेरियार के नेतृत्व में आंदोलन हुआ था। 1965 में विरोध-प्रदर्शन में 60 से अधिक की मौत हुई। इसके बाद तमिलनाडु ने तमिल और अंग्रेजी की दो-भाषा नीति अपनाई और केंद्र की तीन-भाषा नीति का लगातार विरोध करता रहा। मुंबई के कांदिवली में 16 मंजिला बिल्डिंग में आग लगी, हादसे में कोई नुकसान नहीं मुंबई के कांदिवली इलाके में बुधवार रात 16 मंजिला बिल्डिंग में आग लग गई। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल अधिकारियों के मुताबिक, आग रात 9:14 बजे शीतल फीनिक्स क्लास के सामने स्थित ओएसके हेरिटेज बिल्डिंग में लगी। आग 13वीं और 14वीं मंजिल की खिड़कियों, कपड़ों और बिजली के सामान तक सीमित रही। सूचना मिलते ही दमकल की 4 गाड़ियां और अन्य अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचे। दो घंटे से ज्यादा की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। केंद्र सरकार ने प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया का पुनर्गठन किया, 13 नए सदस्य नामित केंद्र सरकार ने प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) का पुनर्गठन किया है। इसमें 13 नए सदस्यों को नामित किया गया है। इनमें ज्यादातर संपादक और कार्यरत पत्रकार हैं। प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया की अध्यक्ष सेवानिवृत्त जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई हैं। काउंसिल में पहले 14 सदस्य थे। इनमें 5 सांसद, 6 समाचार पत्र मालिकों के प्रतिनिधि और BCI, UGC व साहित्य अकादमी के एक-एक विशेषज्ञ शामिल थे। अब सरकार ने 6 संपादकों और 7 अन्य कार्यरत पत्रकारों को सदस्य नामित किया है। प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया एक वैधानिक स्वायत्त संस्था है। इसकी स्थापना प्रेस काउंसिल एक्ट, 1978 के तहत हुई थी। इसका उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता बनाए रखना और समाचार पत्रों व न्यूज एजेंसियों के स्तर में सुधार करना है। दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिया एक्शन, 11 पोस्ट 3 घंटे में हटाने को कहा दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई को गलत तरीके से दिखाने वाले 11 सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो हटाने या उनकी पहुंच सीमित करने को कहा है। पुलिस का कहना है कि इनसे लोगों में गलत धारणा बन सकती है और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में कार्रवाई को गलत या बेवजह की कार्रवाई के तौर पर दिखाया गया, जबकि प्रदर्शनकारियों के बैरिकेड हटाने और पुलिस के निर्देश नहीं मानने की घटनाएं नहीं दिखाई गईं। पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नोटिस भेजकर 3 घंटे में पोस्ट हटाने या उनकी पहुंच सीमित करने को कहा है। साथ ही पोस्ट से जुड़ा डेटा सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।