पाली जिले के नाडोल में आयोजित 70वीं जिलास्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में डीपीएस स्कूल के स्टूडेंट राघव सोनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो प्रतियोगिताओं में पहला स्थान हासिल किया। आदर्श विद्या मंदिर और राउप्रावि नंबर एक स्कूल में 20 से 23 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में जिलेभर के विभिन्न स्कूलों के स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया। 14 साल आयु वर्ग में राघव सोनी ने 50 मीटर फ्री स्टाइल स्विमिंग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा 200 मीटर रिले रेस स्विमिंग में भी राघव ने पहला स्थान हासिल किया। रोजाना 2 से 3 घंटे स्विमिंग की प्रैक्टिस राघव ने बताया कि वह रोजाना दो से तीन घंटे स्विमिंग की प्रैक्टिस करता है। स्कूल टीचर भावना मैडम के प्रोत्साहन से उसने रेगुलर स्विमिंग करना शुरू किया। परिवार भी उसे रेगुलर सपोर्ट करता है। राघव के पिता डॉ. लक्ष्मण सोनी और मां डॉ. प्रियंका सोनी बांगड़ हॉस्पिटल में डॉक्टर हैं। वहीं उसके दादा नरेंद्र सोनी रिटायर्ड टीचर हैं, जिन्होंने उसे आगे बढ़ने के लिए लगातार मोटिवेट और सपोर्ट किया।