नगर परिषद सभापति पद के चुनाव में नामांकन वापसी के अंतिम दिन शुक्रवार को शोभा सुन्देशा और सैय्यद मुमताज अली ने अपने नामांकन वापस ले लिए। दोनों सुबह करीब 11:30 बजे नगर परिषद पहुंचे और नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद अब कांग्रेस के बंशीलाल माली और भाजपा के जयसिंह के बीच सीधा मुकाबला होगा। रिटर्निंग अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि सभापति पद के लिए कुल चार प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए थे। इनमें कांग्रेस के वार्ड-10 के पार्षद सैय्यद मुमताज अली, वार्ड-32 की शोभा सुन्देशा और वार्ड-25 के बंशीलाल माली शामिल थे। भाजपा की ओर से वार्ड-33 के पार्षद जयसिंह ने नामांकन भरा था। कांग्रेस ने बंशीलाल माली को अधिकृत प्रत्याशी बनाया था। इसके चलते शोभा सुन्देशा और सैय्यद मुमताज अली निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में थे। दोनों के नामांकन वापस लेने से अब सभापति पद के लिए दो प्रत्याशी रह गए हैं। नामांकन वापसी की समय सीमा शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक निर्धारित थी। 21 सितंबर को मतदान के तुरंत बाद मतगणना सभापति पद के लिए 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना की जाएगी। उपसभापति पद का चुनाव 22 सितंबर को होगा। इसके लिए सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी। नामांकन पत्र सुबह 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे और सुबह 11:30 बजे से उनकी संवीक्षा की जाएगी। आहोर में भाजपा के सुरेश बागरेसा का निर्विरोध अध्यक्ष बनना तय आहोर नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में नामांकन वापसी के अंतिम दिन कांग्रेस प्रत्याशी जोगेंद्र सिंह ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी सुरेश बागरेसा अकेले उम्मीदवार रह गए हैं। ऐसे में उनका निर्विरोध अध्यक्ष बनना तय हो गया है। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस से जोगेंद्र सिंह और भाजपा से सुरेश बागरेसा मैदान में थे। दोनों प्रत्याशियों के बीच सीधे मुकाबले की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, जोगेंद्र सिंह के नामांकन वापस लेने के बाद अब मतदान की आवश्यकता नहीं होगी। सुरेश बागरेसा के निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा होना बाकी है।