कोरोना काल में सेवाएं देते हुए शहीद हुए नर्सिंगकर्मी एवं पैरामेडिकल स्टाफ की स्मृति में आयोजित सातवें कोरोना वॉरियर्स क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ धनराज स्कूल के खेल मैदान में मंगलवार शाम 6 बजे से नागौर में होगा। इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी नागौर जिले को मिली है। नर्सेज एसोसिएशन जिला अध्यक्ष मुकेश रेवाड़ ने बताया कि प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से करीब 50 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें लगभग 1000 खिलाड़ी नागौर पहुंचेंगे। प्रतियोगिता में लीग मुकाबलों के बाद नॉकआउट चरण, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के दौरान करीब 87 मैच प्रस्तावित हैं। चार मैदानों पर होंगे मुकाबले टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में मुकाबले नागौर के चार मैदानों पर खेले जाएंगे। इनमें धनराज स्कूल के दो मैदान, एनसीसी ग्राउंड और बुल्स ग्राउंड शामिल हैं। इन चारों मैदानों पर करीब 60 मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में लेदर बॉल से मुकाबले होंगे। खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर भी आयोजन समिति ने व्यवस्थाएं की हैं। मैचों के दौरान किसी खिलाड़ी के चोटिल होने की स्थिति में एम्बुलेंस और मेडिकल व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। इसके लिए अलग कमेटी भी गठित की गई है। कोरोना योद्धाओं की स्मृति में हर साल होता है आयोजन कोरोना महामारी के दौरान मरीजों की सेवा करते हुए जान गंवाने वाले नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ की याद में यह टूर्नामेंट हर साल राजस्थान के अलग-अलग जिलों में आयोजित किया जाता है। इस बार नागौर को इसकी मेजबानी मिली है। आयोजन को लेकर जिला नर्सेज एसोसिएशन एवं पैरामेडिकल स्टाफ की ओर से जिलेभर के कर्मचारियों और खेलप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की गई है। कलेक्टर होंगे मुख्य अतिथि उद्घाटन समारोह में जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार मुख्य अतिथि होंगे। वहीं एसपी आसाराम चौधरी अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। पीएमओ और नागौर सीएमएचओ विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे।