नागौर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को कोतवाली थाने के ASI चैनाराम को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। ACB टीम ने यह कार्रवाई कोतवाली थाने के बाहर स्थित एक चाय की दुकान पर की। रिश्वत की रकम बरामद करने के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए ACB दफ्तर लाया गया। जानकारी के अनुसार- शिकायतकर्ता के भाई के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज है। वह मामले में पीसी रिमांड पर चल रहा था। आरोप है कि रिमांड के दौरान रियायत बरतने और आगे रिमांड नहीं मांगने के एवज में ASI की ने 40 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में रिश्वत की रकम 15 हजार रुपए तय हुई। शिकायतकर्ता के अनुसार एएसआई 5 हजार रुपए पहले ही ले चुका है। इसके बाद बाकी के 10 हजार रुपए देने की बात तय हुई थी। चाय की दुकान पर रकम देते ही ACB ने दबोचा एसीबी की एडिशनल SP कल्पना सोलंकी ने बताया- योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने कोतवाली थाने के बाहर चाय की दुकान पर ASI चैनाराम को 10 हजार रुपए दिए। रकम लेने के बाद ACB टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए ASI को पकड़ लिया और रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। कार्रवाई के बाद आरोपी ASI को ACB कार्यालय ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान शिकायतकर्ता की तबीयत बिगड़ी ACB के दफ्तर में शिकायतकर्ता को एएसआई के सामने बैठाकर टीम पूछताछ कर रही थी। इस दौरान शिकायतकर्ता की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसके शरीर में अकड़न आने लगी। स्थिति को देखते हुए ACB टीम ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल शिकायतकर्ता का अस्पताल में उपचार चल रहा है।