नागौर की कुचेरा नगर पालिका में चेयरमैन चुनाव से पहले सियासी हलचल के बीच वार्ड नंबर 9 से विजयी कांग्रेस पार्षद निंबाराम और उनकी पत्नी के लापता होने की शिकायत का मामला सामने आया है। पार्षद के साले महेंद्र ने पुलिस को शिकायत देकर दोनों को तलाशने की मांग की है। रिपोर्ट में उन्होंने अपहरण की आशंका जताई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई। मुंडवा सीओ धर्म पूनिया, कुचेरा थानाधिकारी हबीब सहित पुलिस का जाब्ता कांग्रेस समर्थित पार्षदों की बाड़ेबंदी वाले स्थान पर पहुंचा। पुलिस ने पार्षद के संबंध में जानकारी जुटाई और उनके बयान लेने की बात कही। पुलिस को अंदर नहीं जाने दिया तो वे बाहर ही इंतजार कर रहे हैं। पार्षद ने वीडियो जारी कर कहा- मैं सुरक्षित हूं इधर, मामले के बीच वार्ड 9 के विजेता पार्षद निंबाराम का सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में पार्षद ने खुद को सुरक्षित बताते हुए कहा कि उन्हें किसी प्रकार का खतरा नहीं है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस पार्षद के बयान लेने के बाद स्थिति स्पष्ट करेगी। नागौर की होटलों में भी पुलिस ने की जानकारी शिकायतकर्ता महेंद्र ने आशंका जताई है कि नगरपालिका चेयरमैन चुनाव को लेकर पार्षद पर किसी तरह का दबाव बनाया जा सकता है। इसके बाद पुलिस ने कुचेरा और नागौर क्षेत्र की कुछ होटलों में भी जानकारी जुटाई। इन होटलों में चुनाव के बाद कांग्रेस समर्थित पार्षदों के ठहरने की सूचना सामने आई थी। मुंडवा सीओ धर्म पूनिया ने बताया कि निंबाराम के साले महेंद्र की ओर से रिपोर्ट मिली है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल बताए जा रहे वीडियो की पुलिस स्तर पर अभी पुष्टि नहीं हुई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एक दिन पहले तेजपाल मिर्धा ने भी लगाए थे आरोप गौरतलब है कि कुचेरा नगरपालिका चेयरमैन पद के कांग्रेस प्रत्याशी तेजपाल मिर्धा ने एक दिन पहले आरोप लगाया था कि शपथ ग्रहण के बाद लौटते समय उनकी गाड़ियों का पीछा किया गया और टक्कर मारने का प्रयास किया गया। उन्होंने इस मामले में भाजपा नेता रिछपाल मिर्धा पर आरोप लगाए थे।