अजमेर में कांग्रेस से जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी को पुलिस ने पकड़ लिया। नागौर में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में फर्जीवाड़ा कर क्लेम राशि हड़पने के आरोप में गिरफ्तार महिला बसंती जेल से जिला परिषद का चुनाव लड़ेगी। जोधपुर में जिला परिषद के चुनाव में वार्ड नंबर 39 से एक ही नाम के दो प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। सीकर में पोस्टेड ASI सुल्तान सिंह ने चुनाव लड़ने के लिए VRS ले लिया है। वहीं भीलवाड़ा में गुरुवार को जिला परिषद सदस्य के नामांकन वापसी के आखिरी दिन भाजपा विधायक लादू लाल पितलिया एक महिला प्रत्याशी का हाथ पकड़कर निर्वाचन अधिकारी तक दौड़ लगाई। विधायक ने वार्ड 23 से प्रत्याशी रेखा तेली को निर्वाचन अधिकारी के सामने पहुंचाया और उनका नामांकन वापस करवाया। अजमेर में कांग्रेस प्रत्याशी को पुलिस ने पकड़ा अजमेर में जिला परिषद सदस्य का वार्ड 12 से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी हंसराज घासी को सरवाड़ पुलिस ने पकड़ा है। बताया जाता है कि मारपीट के मामले में पुलिस ने ये कार्रवाई की है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाए हैं।