पंचायती राज चुनाव से पहले नागौर पुलिस ने अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। सदर थाना पुलिस ने अमरपुरा के पास नाकेबंदी के दौरान एक ट्रेलर को रुकवाया। बाहर से ट्रेलर में चावल के कट्टे नजर आ रहे थे, लेकिन तलाशी लेने पर इनके पीछे छिपाकर रखी गई 132 पेटियां अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब से भरे ट्रेलर को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अमरपुरा के पास की गई। चावल के कट्टों के पीछे छिपाई थी शराब सदर थाना अधिकारी किताब चौधरी ने बताया- अमरपुरा के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रेलर को रोककर पुलिस ने उसकी तलाशी ली। ट्रेलर में चावल के कट्टे भरे हुए थे। पुलिस को संदेह होने पर कट्टों को हटाकर जांच की गई तो पीछे शराब की पेटियां छिपी मिलीं। पुलिस ने मौके से 132 पेटियां शराब बरामद की हैं। शराब दो अलग-अलग ब्रांड की बताई जा रही है। शराब के साथ ट्रेलर को भी जब्त कर लिया गया। हरियाणा से गुजरात ले जा रहे थे शराब की खेप पुलिस ने मामले में प्रतिम और सतीश को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी हरियाणा के चरखी दादरी जिले के बाढड़ा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि शराब की यह खेप हरियाणा से गुजरात के मोरबी ले जाई जा रही थी।