नागौर SP आशाराम चौधरी के निर्देशन में नागौर पुलिस ने जानलेवा हमले के अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खींवसर थाना पुलिस ने खारनाल मेले में मोटरसाइकिल से स्टंट करने से रोकने की रंजिश में युवक पर हमला करने वाले दो आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिकअप भी जब्त की है। वहीं श्रीबालाजी थाना पुलिस ने जमीन विवाद में मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। स्टंट करने से रोका किया हमला खींवसर थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में चुतराराम और लेखराज को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार खारनाल मेले के दौरान लेखराज मोटरसाइकिल से स्टंट कर रहा था। राजूराम और उसके साथियों ने उसे स्टंट करने से रोका था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि इसी घटना की रंजिश रखते हुए लेखराज ने चुतराराम के साथ मिलकर राजूराम पर हमला करने की योजना बनाई। दोनों आरोपी राजूराम के स्कूल से छुट्टी होने का इंतजार करते रहे। इसके बाद पिकअप से उसका पीछा किया और रास्ते में मोटरसाइकिल रुकवाकर उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने चुतराराम पुत्र गंगाराम (23), निवासी ज्याणियों की ढाणियां, खेजड़ापा, जोधपुर ग्रामीण और लेखराज पुत्र प्रतापराम (22), निवासी जाखड़ों की ढाणी, धन्नारी कलां, जोधपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया है। वारदात में इस्तेमाल पिकअप भी जब्त की गई है। जमीन विवाद में मारपीट, फरार आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार दूसरी कार्रवाई श्रीबालाजी थाना पुलिस ने की। पुलिस ने अपहरण और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी नंदकिशोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 5 सितंबर को जमीन विवाद को लेकर आरोपियों ने एकराय होकर परिवादी के साथ मारपीट की थी। इस दौरान उसे धमकियां भी दी गईं। घटना के बाद मुख्य आरोपी नंदकिशोर फरार हो गया और हरियाणा में रह रहा था। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और सूचना तंत्र के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। उसके हरियाणा से गुजरात की ओर जाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने पीछा किया और अमरपुरा थाना सदर नागौर के हल्का क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तकनीकी अनुसंधान से आरोपियों तक पहुंची पुलिस दोनों मामलों में पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और सूचना तंत्र का इस्तेमाल करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। खींवसर मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पिकअप जब्त की गई, जबकि श्रीबालाजी मामले में फरार आरोपी को दूसरे राज्य से दबोचा गया।