नागौर जिला अंडर-23 क्रिकेट टीम के चयन को लेकर रविवार को जिला खेल स्टेडियम में खिलाड़ियों का ट्रायल आयोजित किया गया। नागौर जिला क्रिकेट संघ की एडहॉक कमेटी की ओर से आयोजित चयन प्रक्रिया में जिलेभर के युवा क्रिकेटरों ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एडहॉक कमेटी के संयोजक राजेश बिश्नोई ने बताया कि अंडर-23 टीम के चयन के लिए आयोजित ट्रायल में कुल 42 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से बेहतर प्रदर्शन करने वाले 25 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की ओर से टूर्नामेंट की तारीख घोषित किए जाने के बाद चयनित 25 खिलाड़ियों में से अंतिम 20 खिलाड़ियों को नागौर जिला अंडर-23 टीम में शामिल किया जाएगा। चयनकर्ताओं ने परखा खिलाड़ियों का प्रदर्शन चयन प्रक्रिया के दौरान चयनकर्ता मुकेश प्रजापत, ओमप्रकाश बिश्नोई और सुखवीर बांगड़ा ने खिलाड़ियों के बल्लेबाजी, गेंदबाजी और अन्य खेल कौशल का आकलन कर प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन किया। चयन प्रक्रिया का आयोजन एडहॉक कमेटी सदस्य मुकेश भार्गव और दिलीप सोलंकी की मौजूदगी में किया गया। इस दौरान जिला क्रिकेट संघ के वरिष्ठ सदस्य नसरुद्दीन अंसारी, कमल पुरोहित और अरुण बोहरा सहित पूर्व खिलाड़ी राधेश्याम रिणवा और अन्य क्रिकेट प्रेमी भी मौजूद रहे। ट्रायल के दौरान युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन कर जिला टीम में जगह बनाने के लिए अपनी प्रतिभा दिखाई। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से टूर्नामेंट की तारीख घोषित के बाद नागौर की अंतिम 20 सदस्यीय अंडर-23 क्रिकेट टीम का सिलेक्शन किया जाएगा।