पर्यूषण पर्व और जागरण छठ के मौके पर श्री नाकोड़ा भैरव भक्ति महोत्सव कमेटी की तरफ से 8 से 18 सितंबर तक 11 दिवसीय धार्मिक आयोजन शुरू हो गया है। इस आयोजन में रोजाना भैरव देव का विशेष श्रृंगार (आंगी), महाआरती और महाप्रसाद का आयोजन रात 8:15 बजे से किया जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु हर दिन भैरव देव के दर्शन और आरती में शामिल हो रहे हैं। महोत्सव के तहत 17 सितंबर को छप्पन भोग के साथ एक शोभायात्रा जैन मंदिर से शाम 6:15 बजे निकाली जाएगी। इसके बाद रात 8 बजे ‘एक शाम भैरव दादा के नाम’ भक्ति संध्या होगी। इसमें भजन सम्राट दीपक करनपुरिया, प्रतापगढ़ और जागृति वडेरा एंड पार्टी, बालोतरा द्वारा भैरव भजन गाए जाएंगे। 18 सितंबर को सुबह 10:10 बजे कमेटी की तरफ से लाभार्थी परिवार द्वारा भैरव देव मंदिर पर वार्षिक ध्वजारोहण होगा। इसके बाद पूरे जैन समाज के लिए कमेटी की ओर से गौतम प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। कमेटी प्रवक्ता सुनील मेहता कान्हा ने बताया कि मंदिर परिसर को बिजली की सजावट और फूलों से सजाया गया है, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा है। हर दिन रात 8:15 बजे लाभार्थी परिवारों की ओर से महाआरती और महाप्रसाद का आयोजन किया जा रहा है। कमेटी अध्यक्ष दिलीप मेहता, मंत्री नमन मेहता, महामंत्री मोहित मेहता मोनू, कोषाध्यक्ष रवि मेहता सहित सभी पदाधिकारी और सक्रिय सदस्य आयोजन को सफल बनाने में लगे हैं। छप्पन भोग और भक्ति संध्या में दूसरे शहरों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच सकते हैं। कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं को इस आयोजन में शामिल होने के लिए बुलाया है।