अजमेर के नसीराबाद के फूलागंज क्षेत्र स्थित प्राचीन सीताराम मंदिर से चोर दिनदहाड़े चांदी का छत्र चोरी कर ले गया। चोर मुंह पर कपड़ा बांधकर मंदिर में घुसा था। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सिटी थाना पुलिस ने मामले की जांच में जुटी है। प्राचीन सीताराम मंदिर के पुजारी निखिल शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10:15 बजे मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक मंदिर पहुंचा। उस समय मंदिर में भक्तों का आना-जाना लगा हुआ था। युवक ने भक्तों के जाने का इंतजार किया और मंदिर सूना होते ही चांदी का छत्र चोरी कर लिया। छत्र का वजन करीब 100 ग्राम बताया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरे में चोर छत्र चोरी करता नजर आया है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोर की तलाश कर रही है। (इनपुट- सुधीर मित्तल व रियाज अहमद)