नवलगढ़ नगरपालिका में कांग्रेस ने एक बार फिर बोर्ड बनाने में सफलता हासिल की है। अध्यक्ष पद के बाद अब उपाध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। मंगलवार को कांग्रेस अदनान खत्री वाइस चेयरमैन निर्वाचित हुए। वहीं सोमवार को माया रिछपाल सैनी पालिकाध्यक्ष चुनी गई थीं। अदनान खत्री ने भाजपा की संपति देवी को 11 वोटों से हराया वाइस चेयरमैन पद के चुनाव में कांग्रेस के अदनान खत्री को कुल 28 वोट मिले, जबकि भाजपा की संपति देवी के खाते में 17 वोट आए। इस तरह अदनान खत्री ने 11 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। अदनान खत्री लगातार तीसरी बार पार्षद चुने गए हैं। उपाध्यक्ष पद पर जीत के साथ ही उन्हें अब नगरपालिका में वाइस चेयरमैन की जिम्मेदारी मिली है। अध्यक्ष पद पर माया देवी को मिले थे 26 वोट इससे पहले अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की माया रिछपाल सैनी ने जीत दर्ज की थी। उन्हें कुल 26 वोट मिले थे। अध्यक्ष और वाइस चेयरमैन दोनों पद कांग्रेस के खाते में जाने के साथ नवलगढ़ नगरपालिका में कांग्रेस का बोर्ड बन गया है। नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष माया देवी के पति रिछपाल सैनी भी नवलगढ़ नगरपालिका के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2005 से 2010 तक नगरपालिका अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। डॉ. राजकुमार शर्मा ने किया स्वागत नवलगढ़ में कांग्रेस का बोर्ड बनने के बाद पूर्व चिकित्सा राज्यमंत्री डॉ. राजकुमार शर्मा ने नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष माया देवी और पालिका उपाध्यक्ष अदनान खत्री का स्वागत किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों पदों पर जीत के बाद खुशी जताई। अध्यक्ष और वाइस चेयरमैन पद पर जीत के साथ नवलगढ़ नगरपालिका में कांग्रेस ने अपना बोर्ड बनाने में सफलता हासिल की है।