नावा में नमक फैक्ट्री में काम करते समय हादसा हो गया। डीडवाना-कुचामन जिले के नावा उपखंड मुख्यालय के पास राजास गांव की नमक फैक्ट्री में मंगलवार को टिन शेड पर काम कर रहा मजदूर अचानक नीचे गिर गया। टिन शेड का एक हिस्सा टूटने से मजदूर का संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर जा गिरा। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई। एंबुलेंस से घायल को नावा के राजकीय उच्च जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान छितरमल पचेरीवाल के रूप में हुई। मृतक नावा निवासी छितरमल पचेरीवाल पुत्र देवाराम पचेरीवाल था। जानकारी के अनुसार वह राजास स्थित बाबा रामदेव कैम्प फूड साल्ट इंडस्ट्रीज में मजदूरी करता था। हादसा उस समय हुआ, जब वह फैक्ट्री परिसर में टिन शेड पर काम कर रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। अचानक हुई मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया छितरमल के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। परिवार की जिम्मेदारी मुख्य रूप से उसी के कंधों पर थी। उसकी मौत के बाद तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल काम के दौरान हुए इस हादसे के बाद फैक्ट्री में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। टिन शेड कितना मजबूत था और काम के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे, यह जांच का विषय है। हादसे के वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री परिसर में मजदूरों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और हादसे की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इनपुट - कमलेश पारीक।