नवलगढ़ पुलिस ने एटीएम लूट के एक मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी सलीम उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, टीएसआई कंपनी के मैनेजर शक्ति सिंह ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनकी कंपनी नवलगढ़ में पोदार कॉलेज के सामने एसबीआई का एटीएम संचालित करती है। 15 नवंबर 2025 की रात करीब 3:05 बजे, 3-4 अज्ञात व्यक्ति एटीएम में घुस गए। आरोपियों ने एटीएम मशीन के कैमरों, लॉबी कैमरा और बाहर लगे कैमरे पर काले रंग का स्प्रे कर दिया। उन्होंने मोशन सेंसर और माइक के तार भी काटकर क्षतिग्रस्त कर दिए थे, जिससे निगरानी प्रणाली बाधित हो गई। घटना की जानकारी सुरक्षा गार्ड मनोज कुमार ने सुबह करीब 3:24 बजे कंपनी और पुलिस को दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नवलगढ़ में रोडवेज बस डिपो के सामने स्थित एक अन्य एटीएम की ओर चले गए थे। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब इस कड़ी में वांछित सलीम उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार किया गया है और उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पूर्व में साकिर, तसलीम, रोबिन उर्फ चोंडा, अरशद और मुजम्मिल को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।