विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए इक़रा पब्लिक स्कूल बाडिया भाऊ में 7 सितंबर से सुबह की प्रार्थना सभा में ‘खबर और नजर’ कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसमें विद्यार्थी दैनिक समाचार पत्रों से पांच प्रमुख खबरों का चयन कर उन्हें अपनी भाषा में लिखते हैं और सभा में प्रस्तुत करते हैं। खबरों के प्रस्तुतीकरण के बाद उन पर चर्चा और विश्लेषण किया जाता है। साथ ही खबरों में आए नए और कठिन शब्दों के अर्थ विद्यार्थियों को समझाए जाते हैं। स्कूल प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पत्रकारिता और देश-दुनिया की घटनाओं के प्रति रुचि बढ़ाना है। यह गतिविधि बच्चों को सकारात्मक व सीखने का माहौल भी दे रही है।