चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा में छोटी सादड़ी मार्ग पर ट्रक ने मोपेड को टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड सवार दो बहनों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषणा था कि दोनों बहनों के शव क्षत-विक्षत हो गए। हादसा सोमवार सुबह 9:30 बजे हुआ। मड्डा चौराहे पर हादसा निंबाहेड़ा सदर थाना एएसआई भागीरथ विश्नोई ने बताया- मड्डा चौराहा निवासी लक्ष्मी (20) और किरण (10) पुत्री देवा एक होटल पर नाश्ता कर घर जा रही थी। मोपेड से चौराहे को क्रॉस करते समय साइड से आए ट्रक ने मोपेड को टक्कर मार दी। दोनों के ऊपर से ट्रक का आगे का टायर निकल गया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। झाडू बनाकर बेचता हैं परिवार सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बालिकाओं के शवों को निंबाहेड़ा अस्पताल पहुंचाया। यहां पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। हालांकि ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। परिवार झाडू बनाकर बेचता है। लक्ष्मी भी पिता का हाथ बंटाती थी। दोनों के अलावा एक भाई और एक बहन और है। एक भाई की पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी है।