भास्कर न्यूज | राजसमंद निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में एक नगर परिषद और चार नगर पालिकाओं में चुनाव होने हैं। इसके लिए गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन 27 से 31 अगस्त तक लिए जाएंगे, लेकिन रक्षाबंधन और रविवार के अवकाश के कारण अभ्यर्थियों को पर्चा दाखिल करने के लिए केवल तीन कार्यदिवस मिलेंगे। नामांकन सुबह 10.30 से शाम 3 बजे तक लिए जाएंगे। अंतिम दिन 31 अगस्त को भी यही समय रहेगा। 27 अगस्त से नामांकन शुरू होंगे। 28 अगस्त को रक्षाबंधन का अवकाश रहेगा। 29 अगस्त को नामांकन लिए जाएंगे, जबकि 30 अगस्त को रविवार होने से प्रक्रिया बंद रहेगी। 31 अगस्त नामांकन का अंतिम दिन होगा। राजसमंद नगर परिषद के लिए एसडीएम ओम प्रभा को रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया है। भीम, देवगढ़, आमेट और नाथद्वारा नगर पालिकाओं में संबंधित एसडीएम नामांकन लेंगे। प्रशासन ने नामांकन प्रक्रिया के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। नगर निकाय आम चुनाव 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित कराने के लिए बुधवार को एसडीएम ओम प्रभा की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई। उन्होंने मतदान दलों के आवागमन, सामग्री वितरण व संग्रहण की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।