जातिगत जनगणना में ओबीसी समाज की जातियों के सही व प्रमाणिक आंकड़े दर्ज करने की मांग को लेकर बुधवार को ओबीसी विभाग की ओर से जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष एडवोकेट बाबूलाल कलबी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने एकत्र हुए। कलबी ने बताया कि जातिगत जनगणना वैज्ञानिक, प्रमाणिक व पारदर्शी तरीके से कराई जानी चाहिए। इसके लिए ओबीसी वर्ग की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित करने, प्रत्येक जाति के लिए विशिष्ट वैज्ञानिक कोड निर्धारित करने व राज्यवार मानकीकृत जाति मास्टर लिस्ट तैयार करने की मांग की गई है। ज्ञापन में प्रमाणित पर्यायवाची व क्षेत्रीय नामों को शामिल करने तथा आंकड़ों के लिए डिजिटल व सर्च योग्य व्यवस्था विकसित करने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि विशेषज्ञों व सामाजिक संगठनों से व्यापक परामर्श लेकर जनगणना प्रक्रिया तैयार की जानी चाहिए। अभियान का उद्देश्य केवल जातियों की संख्या दर्ज करना नहीं, बल्कि प्रमाणिक आंकड़ों के आधार पर ओबीसी समाज की हिस्सेदारी व सामाजिक न्याय से जुड़े विषयों को मजबूती देना है। ज्ञापन सौंपने के दौरान पीसीसी जिला प्रभारी भंवरलाल विश्नोई, कार्यक्रम पीसीसी प्रभारी कृतिका चौधरी, जिला ओबीसी वरिष्ठ उपाध्यक्ष कानाराम चौधरी, संगठन महासचिव पुरुषोत्तम सोनी, उपाध्यक्ष नारायणलाल चौधरी, महासचिव दौलतराम गोलिया, ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट मोहनलाल प्रजापत, ब्लॉक अध्यक्ष अशोक सुथार, सोशल मीडिया प्रभारी घमंडाराम प्रजापत, राजू प्रजापत, पर्यावरण प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुकेशसिंह राजपुरोहित, जगदीशसिंह राजपुरोहित, कल्याणपुर ब्लॉक अध्यक्ष श्रवण देवासी, भागीरथ पालीवाल आदि मौजूद रहे।