सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को CBSE से कहा कि वह 2027 से शुरू होने वाले अगले एकेडमिक सेशन से क्लास 6 के स्टूडेंट्स के लिए 3 भाषाएं (जिनमें दो भारतीय भाषाएं शामिल हों) पढ़ने की नीति को लागू करने पर विचार करे। एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (ASG) ऐश्वर्या भाटी ने CBSE की ओर से चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी मोहना की बेंच को बताया कि वे इस सुझाव पर विचार करेंगे। हालांकि, CBSE ने बेंच को सौंपे अपने नोट में कहा था कि तीन-भाषा वाले फ्रेमवर्क को लागू करने में अभी क्लास 6 में पढ़ रहे स्टूडेंट्स को दी गई छूट को आगे बढ़ाना शायद मुमकिन न हो, क्योंकि इससे सीखने में गैप आ सकता है और नीति को लागू करने में देरी हो सकती है। आज की अन्य बड़ी खबरें... हाईकोर्ट का दिल्ली पुलिस से सवाल, जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की अनुमति क्यों नहीं दी दिल्ली हाईकोर्ट ने गुरुवार को दिल्ली पुलिस से 2026 के यूजीसी नियमों के खिलाफ जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए क्षत्रिय करणी सेना को अनुमति देने से इनकार करने के उसके फैसले पर सवाल उठाया। कोर्ट ने शांतिपूर्ण आंदोलन के लिए वैकल्पिक जगह की अनुमति देने पर जवाब मांगा। याचिकाकर्ता के वकील ने उन्हें बताया कि दिल्ली पुलिस ने 20 सितंबर को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की अपनी पिछली मंजूरी वापस ले ली है। अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने कहा कि जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के लिए कोई अनुमति नहीं दी जा रही है क्योंकि यह स्थल संवेदनशील क्षेत्र में है। मामले में आगे सुनवाई 22 सितंबर को होगी। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में 2 आतंकियों की संपत्ति कुर्क, इनमें 2 मकान और जमीन शामिल जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने गुरुवार को पाकिस्तान से संचालित कुपवाड़ा जिले के दो कुख्यात आतंकवादियों की संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश दिया। डीजीपी द्वारा कुर्क की गई संपत्ति कुपवाड़ा जिले के कचामा निवासी अब्दुल मजीद कुरैशी और परवेज अहमद कुरैशी की है। प्रभात की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, अब्दुल मजीद की 10 कनाल जमीन और परवेज अहमद की पांच कनाल जमीन कुर्क की गई। कुर्क की गई संपत्तियों में दो आवासीय मकान शामिल हैं। आतंकवादियों के संगठन का तत्काल पता नहीं चल पाया है। कठुआ में मिला पाकिस्तान से आया संदिग्ध कबूतर, पैर में रिंग बंधी थी जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में पाकिस्तान से आया संदिग्ध कबूतर मिला है। उसके पैर में एक रिंग बंधी हुई थी। सीमा पार से आने की आशंका के चलते सुरक्षा एजेंसियों ने कबूतर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी रिंग और कबूतर से जुड़ी दूसरी जानकारियों की जांच कर रहे हैं, ताकि उसके आने की जगह और रिंग लगाने के मकसद का पता लगाया जा सके। हीरानगर सेक्टर में इस तरह की यह चौथी घटना बताई जा रही है। इससे पहले सोमवार को जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के रामगढ़ इलाके में भी इसी तरह एक रिंग लगा कबूतर मिला था। दिल्ली में 1.5 करोड़ की लूट मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार; करीब 1 करोड़ कैश बरामद दिल्ली पुलिस ने 1.5 करोड़ रुपए की लूट के मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई रकम में से करीब 1 करोड़ रुपए बरामद किए हैं। वारदात 7 सितंबर की शाम गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास हुई थी। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता अपने एक साथी के साथ चांदनी चौक से सफदरजंग एन्क्लेव जा रहा था। दोनों ऑटो में करीब ₹1.5 करोड़ कैश से भरा बैग लेकर जा रहे थे। शाम करीब 7:30 बजे गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास बाइक सवार तीन लोगों ने ऑटो को रोक लिया। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवारों में से एक ने पिस्टल निकालकर शिकायतकर्ता और उसके साथी को धमकाया। इसके बाद आरोपी कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए। तीनों आरोपी बाइक से ITO की तरफ भागे थे। पुलिस अब बाकी रकम और वारदात में इस्तेमाल हथियार और बाइक के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में दो आदिवासी लड़कियों से गैंगरेप, 5 युवक हिरासत में ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में दो आदिवासी लड़कियों के साथ कथित तौर पर पांच युवकों ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद पांचों आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है। दोनों लड़कियां करमा पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद गांव लौट रही थीं। तभी आरोपियों ने उन्हें घर छोड़ने के बहाने बाइक पर लिफ्ट दी और जंगल में ले गए। जंगल में पांचों युवकों ने बारी-बारी से दोनों लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उन्हें वापस गांव छोड़ गए। पुलिस ने बताया कि आरोपी लड़कियों के परिचित थे। जांच जारी है। कर्नाटक के बेलगावी में फ्रिज ब्लास्ट हादसे में दो और लोगों की मौत, मृतकों की संख्या 6 हुई कर्नाटक के बेलगावी में घर में फ्रिज फटने के बाद लगी आग में झुलसे पिता-पुत्र की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। मंगलवारको फ्रिज में विस्फोट के बाद घर में आग लग गई थी। आग पूरे घर में फैल गई और परिवार के सदस्य अंदर फंस गए। मौके पर परिवार के चार अन्य सदस्यों की मौत हो गई थी। सीबीआई ने ₹15 लाख रिश्वत मामले में दिल्ली नगर निगम के एक अधिकारी समेत 3 को अरेस्ट किया केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने ₹15 लाख रिश्वत मामले में दिल्ली नगर निगम (MCD) के एक अधिकारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि संबंधित लोग टेंडर की अवधि खत्म होने के बाद बिलबोर्ड, होर्डिंग और LED डिस्प्ले लगाने या प्रदर्शित करने की अनुमति देने के बदले रिश्वत वसूल रहे थे। मेघालय के शिलॉन्ग में डायरेक्टोरेट ऑफ मिनरल रिसोर्सेज ऑफिस पर पेट्रोल बम से हमला मेघालय के शिलॉन्ग में बुधवार शाम को डायरेक्टोरेट ऑफ मिनरल रिसोर्सेज (DMR) ऑफिस पर अज्ञात लोगों ने पेट्रोल बम फेंके और फरार हो गए। उस समय कर्मचारी ऑफिस के अंदर मौजूद थे। एक पेट्रोल बम DMR अधिकारी की कार पर गिरा और कार में आग लग गई। इस मामले में लैतुमखरा पुलिस स्टेशन में दो FIR दर्ज की गई हैं। पुलिस हमलावरों और हमले की वजह का पता लगा रही है।