पाली के बांडी नदी में नाले के जरिए रंगीन पानी छोड़े जाने की शिकायत पर सोमवार को प्रदूषण नियंत्रण मंडल, रीको और निगम की टीम मौके पर पहुंची। नाले के पानी के सैंपल लेने की कार्रवाई की गई। साथ ही नाले में नजर आ रहा पानी कहां से आ रहा है, इसको लेकर भी जांच शुरू की। दरअसल, किसान नेता वागाराम विश्नोई की शिकायत पर प्रदूषण नियंत्रण मंडल से कैलाशदान, निगम से एईएन अजय गहलोत और रीको के अधिकारी मंडिया रोड गांधी नगर क्षेत्र से गुजर रहे निगम और रीको के नाले के पास पहुंचे। शिकायत में दावा किया कि ईटीपी का पानी नाले में छोड़ा जा रहा है, जिसके जरिए यही पानी नदी में जा रहा है। टीम ने मौके से पानी के सैंपल लिए। साथ ही नाले में नजर आ रहे पाइप की फोटोग्राफी भी करवाई, जिससे पता लगाया जा सके कि पाइप कहां से आ रहा है। उसके बाद टीम पूनायता औद्योगिक क्षेत्र के ट्रीटमेंट प्लांट संख्या छह के पास पहुंची, जहां नदी में रंगीन पानी फैले होने की शिकायत की। इसके साथ ही मंडिया रोड पर भी रंगीन पानी फैला होने पर टीम को बताया। टीम ने तीनों स्थानों से रंगीन पानी के सैंपल लिए और जांच शुरू की। अफसर बोले- मामले की जांच करवाएंगे नगर निगम के एईएन अजय गहलोत ने कहा- नाले में पाइप कहां से आ रहा है। रंगीन है या कोई दूसरा पानी, इसकी भी गंभीरता से जांच की जाएगी।