पाली के पूनायता औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री से करीब 90 कपड़े के थान चोरी करने के मामले में सदर थाना पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी फैक्ट्री में काम करता था और उसने बाड़मेर से अपने दो दोस्तों को बुलाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फैक्ट्री से करीब 3 लाख का कपड़ा चोरी सदर थानाप्रभारी कपूराराम चौधरी ने बताया- फैक्ट्री संचालक असकर खां पुत्र ताजू खां, निवासी पादरली तुर्कान, थाना गुड़ा एंदला ने 29 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि पूनायता औद्योगिक क्षेत्र स्थित उसकी केडी कृपा फैक्ट्री से 7 और 24 सितंबर की रात करीब 90 कपड़े के थान चोरी हो गए। चोरी हुए कपड़े की बाजार कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई। फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोर भी नजर आए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। बाड़मेर से दो दोस्तों को बुलाया जांच के दौरान पुलिस ने बाड़मेर जिले के रीको थाना क्षेत्र के पुनियों की ढाणी निवासी खरथाराम (29) पुत्र पोकरराम, लाणी कांठा मगने की ढाणी निवासी चुनाराम (32) पुत्र केसरराम और मगने की ढाणी निवासी भंवरलाल (22) पुत्र पुरणाराम को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार खरथाराम पाली की फैक्ट्री में काम करता था। उसने बाड़मेर से अपने दो दोस्तों को बुलाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई गाड़ी भी जब्त की है। पहले भी बाइक चोरी में पकड़ा जा चुका आरोपी पुलिस के अनुसार आरोपी खरथाराम के खिलाफ बाड़मेर के नागाणा थाने में बाइक चोरी का मामला पहले से दर्ज है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस कार्रवाई में सीओ ग्रामीण अमरसिंह रत्नू ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में सदर थानाप्रभारी कपूराराम चौधरी, एएसआई नवलाराम, कांस्टेबल पुरखाराम, मूलाराम, रमेश, हेमेंद्र सिंह और सुरेश शामिल रहे।