राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित राजकीय शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नाडी मोहल्ला पाली की ओर से बुधवार को कुम्हारों का बास में निशुल्क आउटरीच स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 76 मरीजों का स्वास्थ्य जांचकर उन्हें परामर्श दिया गया। सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि शिविर में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. रोयमोन जोसफ ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। डेंटल हाइजिनिस्ट गुलशन कुमार ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच की। महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं रेखा रानी और माया चौहान ने एनसीडी स्क्रीनिंग की। वहीं एएनएम जनक कुमारी ने चार गर्भवती महिलाओं का एएनसी रजिस्ट्रेशन किया। एमएनएम द्वारा पांच महिलाओं को एचपीवी का टीकाकरण किया गया। फार्मासिस्ट गणेश कुमार ने मरीजों को निशुल्क दवाइयां वितरित कीं। शिविर में लैब टेक्नीशियन यशपाल सिंह ने 62 मरीजों की शुगर और 23 मरीजों की हीमोग्लोबिन जांच की। शिविर के सफल संचालन में पीएचएम जितेंद्र जोशी, नर्सिंग ऑफिसर सोहनलाल, एएनएम जनक कुमारी, रेखा रानी, माया चौहान, तेजपाल तथा आशा सहयोगिनी संगीता चौहान और जयमाला का सहयोग रहा।