श्री वर्द्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ पाली की ओर से गुरुद्वय जन्मजयंती के उपलक्ष्य में आयोजित आठ दिवसीय कार्यक्रम के तहत गुरुवार को अणुव्रत नगर में कई धार्मिक कार्यक्रम हुए। जैन संत सुकनमुनि, उप प्रवर्तक अमृतमुनि, युवा संत महेशमुनि, अखिलेशमुनि, डॉ. वरुणमुनि तथा महासती उमरावकंवर और डॉ. प्रीतिसुधा जी का सानिध्य रहा। गुरुदेव मिश्रीमल महाराज की 136वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरुओं का गुणगान किया। ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत कार्यक्रम की शुरुआत दरबार सजाने और ध्वजारोहण के साथ हुई। संघ की ओर से कार्यक्रम के लाभार्थी परिवारों का बहुमान किया गया। इससे पहले सुबह लाभार्थी परिवारों को वरघोड़े के रूप में पंडाल में लाया गया। 41 उपवास पूर्ण करने वाले राजेंद्र बाठिया को गुरुदेव ने आशीर्वाद दिया और संघ की ओर से उनका बहुमान किया गया। गौशालाओं में 6.50 लाख रुपए का दान इस अवसर पर तमिलनाडु से पहुंचे मरुधर केसरी जैन युवा संघ के मधुकर का भी सम्मान किया गया। उन्होंने गुरुदेव की प्रेरणा से देशभर की गौशालाओं में 6.50 लाख रुपए का दान किया। डॉ. वरुणमुनि बोले- सुख-दुख दोनों में गुरु को याद करें डॉ. वरुणमुनि ने गुरु की महिमा बताते हुए कहा कि गुरुदेव के आशीर्वाद से देशभर में उनके भक्त जुड़े हुए हैं। इसी आस्था के चलते श्रद्धालु जन्मजयंती मनाने पाली पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि गुरु को केवल दुख में ही नहीं, बल्कि सुख में भी याद करना चाहिए। सभी को एकता की राह पर चलना चाहिए और बिखराव से बचना चाहिए। उन्होंने संगठन, एकता और जीवदया के क्षेत्र में काम करने का आह्वान किया। साध्वी प्रीतिसुधा ने गुरुदेव को बताया जीवन निर्माता साध्वी डॉ. प्रीतिसुधा जी ने गुरुदेव मिश्रीमल को अपने जीवन का निर्माता बताते हुए उनके चरणों में श्रद्धा अर्पित की। उन्होंने कहा कि देशभर से श्रावक गुरुदेव की जन्मजयंती मनाने पाली पहुंचे हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। बोकाडिया बोले- संस्कार सीरियल और महावीर स्वामी पर फिल्म बनाएंगे कार्यक्रम में फिल्म निर्माता के.सी. बोकाडिया ने गुरुदेव के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि वे आज जो कुछ भी हैं, गुरुदेव के आशीर्वाद से हैं। उन्होंने पाली संघ की व्यवस्थाओं की सराहना की। बोकाडिया ने घोषणा की कि वे एक संस्कार सीरियल बनाने जा रहे हैं, जिसके माध्यम से धर्म का ज्ञान दिया जाएगा। इसके अलावा उनके पुत्र राजेश बोकाडिया भगवान महावीर स्वामी के जीवन पर फिल्म बनाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद वे संन्यास लेकर गुरु चरणों में रहना चाहते हैं। गौतम प्रसादी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल कार्यक्रम में श्री मरुधर केसरी मित्र मंडल के अध्यक्ष नेमीचंद चोपड़ा, मंत्री सज्जनराज गुलेच्छा सहित मंडल के सदस्यों का सहयोग रहा। कार्यक्रम के समापन के बाद गौतम प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।