पाली शहर के मंडिया बाइपास स्थित पाली-जोधपुर रोड पर बुधवार को लाइट के खंभों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली असंतुलित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में ड्राइवर ट्रैक्टर के नीचे दब गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने ड्राइवर को बाहर निकाला। गनीमत रही कि उसे गंभीर चोट नहीं आई। हादसा देख पार्षद प्रत्याशी ने रुककर की मदद इसी दौरान प्रचार-प्रसार के लिए समर्थकों के साथ वहां से गुजर रहीं पार्षद प्रत्याशी ओमा चौधरी की नजर हादसे पर पड़ी। उन्होंने तुरंत रुककर घायल ड्राइवर की मदद की और उसे संभाला। इसके बाद उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल पहुंचाने की व्यवस्था की। जोधपुर की ओर जा रहा था ड्राइवर प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में लाइट के खंभे भरे हुए थे और ड्राइवर उन्हें लेकर जोधपुर की ओर जा रहा था। मंडिया बाइपास पर अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली असंतुलित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के बाद JCB की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा करवाया गया।