जिला परिषद सभागार में शनिवार को नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद 2026 का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिलेभर से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। कई महिलाएं अपने छोटे बच्चों को भी साथ लेकर कार्यक्रम में शामिल हुईं। सभागार में महिलाओं की संख्या अधिक होने के कारण हॉल पूरी तरह भर गया। इसके बाद बाहर गैलरी में भी कुर्सियां लगाकर महिलाओं के बैठने की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने मुख्यमंत्री का लाइव कार्यक्रम देखा। मुख्यमंत्री ने पाली जिले की कुछ महिलाओं से ऑनलाइन संवाद भी किया। इस दौरान महिलाओं ने सरकारी योजनाओं से मिले लाभ और उनके जीवन में आए बदलावों के अनुभव साझा किए। एक महिला ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत उसका कच्चा मकान पक्का बन गया, जिससे अब वह अपने परिवार के साथ सुरक्षित रूप से रह रही है। मुख्यमंत्री ने अन्य महिलाओं से भी ऑनलाइन बातचीत की और उनके अनुभव जाने। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आ रही किसी तरह की परेशानी के बारे में भी जानकारी ली। कार्यक्रम में एडीएम डॉ. बजरंगसिंह, जिला परिषद सीईओ मुकेश चौधरी सहित जिले के कई अधिकारी मौजूद रहे। सम्मेलन में जिलेभर से आई महिलाओं ने हिस्सा लिया। अब देखिए- तस्वीरें