28 साल का युवक घर से खुले में शौच जाने का कहकर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। तलाश के दौरान उसकी चप्पलें नाडी किनारे मिलीं, जिसके बाद परिजनों ने उसके डूबने की आशंका जताई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू नहीं हो सका। रविवार सुबह SDRF ने नाडी में युवक की तलाश शुरू की। घटना शनिवार सुबह पाली शहर की सांसी बस्ती से मामा नाडी क्षेत्र की है। सुबह 9 बजे घर से निकला, मामा नाडी किनारे मिली चप्पलें औद्योगिक नगर थानाप्रभारी निरमा विश्नोई ने बताया - सांसी बस्ती में रहने वाला कालूराम (28) पुत्र कानाराम शनिवार (12 सितंबर) सुबह करीब 9 बजे घर से खुले में शौच जाने का कहकर निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजन कालूराम को ढूंढते हुए मामा नाडी पहुंचे। इसी दौरान क्षेत्र में भैंस चरा रही एक महिला ने उन्हें बताया कि नाडी के किनारे किसी की चप्पलें पड़ी हैं। परिजनों ने मौके पर जाकर देखा तो चप्पलें कालूराम की निकलीं। इसके बाद उन्होंने उसके नाडी में डूबने की आशंका जताई और शनिवार शाम पुलिस को सूचना दी। रविवार सुबह SDRF ने शुरू किया रेस्क्यू सूचना मिलने पर औद्योगिक नगर थानाप्रभारी निरमा विश्नोई मय जाब्ता मौके पर पहुंचीं। हालांकि, अंधेरा होने के कारण शनिवार को नाडी में रेस्क्यू शुरू नहीं किया जा सका। इसके बाद रविवार सुबह SDRF की टीम को बुलाया गया। रविवार सुबह SDRF की टीम ने मामा नाडी में कालूराम की तलाश शुरू की। SDRF के हेड कॉन्स्टेबल ओमसिंह ने बताया कि टीम रेस्क्यू में जुटी हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों के अनुसार कालूराम ट्रेनों में बूट पॉलिश का काम करता था। उसकी चप्पलें नाडी किनारे मिलने के बाद से ही उसके डूबने की आशंका जताई जा रही है।