पाली जिले के रोहट थाना पुलिस ने एमडी के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से बाइक भी बरामद की। रोहट थानाप्रभारी पाना चौधरी ने बताया- सूचना मिली थी कि सावलंता खुर्द में हर्षवर्धन उर्फ हनीसिंह के पास भारी मात्रा में मादक पदार्थ है। ऐसे में पुलिस सावलंता खुर्द पहुंची। भुरियासनी से सांवलता खुर्द जाने वाले रास्ते पर हर्षवर्धन सिंह उर्फ हनीसिंह(19) पुत्र नरपतसिंह निवासी सांवलता खुर्द (रोहट) को रोककर तलाशी ली तो उसके पास से 48.78 ग्राम एमडी मिली। पूछताछ में सही जवाब नहीं देने पर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी एमडी कहां से लेकर आया और कहां सप्लाई करने की योजना थी, इसको लेकर जांच की जा रही है। आरोपी को पकड़ने में थाने के कॉन्स्टेबल शंकरलाल की मुख्य भूमिका रही। बता दें कि पाली एसपी मोनिका सैन के नेतृत्व में पुलिस लगातर मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों को पकड़ने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके।