पाली में 20 साल की युवती की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को पुलिस ने जरूरी कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। अचानक तबीयत बिगड़ी, हॉस्पिटल में मौत सदर थाने के SHO कपूराराम ने बताया कि थाना क्षेत्र के जोधपुर रोड घूमटी के पास रहने वाली 20 साल की इंद्रा पत्नी जितेंद्र की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने शव को बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। करीब 2 साल पहले हुई थी शादी मृतका इंद्रा गंगानगर जिले की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब 2 साल पहले पाली निवासी जितेंद्र से हुई थी। सोमवार को मृतका के पीहर पक्ष से माणकसर, सूरतगढ़ निवासी लालाराम पुत्र ढगलाराम और अन्य लोग पाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में पीहर पक्ष ने इंद्रा की मौत को प्राकृतिक बताया और किसी तरह का शक जाहिर नहीं किया। इसके बाद पुलिस ने जरूरी कार्रवाई की और सोमवार को शव परिजनों को सौंप दिया।