हनुमानगढ़ में पल्लू धाम परिवार की ओर से 4 अक्टूबर को पंचम मंगलपाठ महोत्सव और दिव्य ज्योति दर्शन कार्यक्रम होगा। यह आयोजन टाउन स्थित चिल्ड्रन स्कूल के सामने कामधेनु सत्संग भवन में 'एक शाम मां ब्रह्माणी के नाम' थीम पर होगा। कार्यक्रम के प्रचार के लिए गुरुवार को एक रथ रवाना किया गया। आयोजकों के अनुसार, महोत्सव पल्लू धाम के पुजारी गोरधन भाटी की देखरेख में होगा, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु आएंगे। मंगलपाठ पवन रोड़ा और राकेश रोड़ा, सरदारशहर करेंगे। पल्लू धाम से मां की अखंड ज्योत भी लाई जाएगी, जिसके दिव्य ज्योति दर्शन श्रद्धालु कर सकेंगे। कार्यक्रम में शाम 6.15 बजे से महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन शहर की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना के लिए लगातार 5 साल से हो रहा है। रथ रवाना करते समय विनोद बंसल, प्रियंका भाकर और पल्लू धाम परिवार के अन्य सदस्य व भक्त मौजूद रहे।