पंचायत चुनाव के नामांकन को लेकर आज मंगलवार को आखिरी दिन है। इससे पूर्व सोमवार को जिला परिषद सदस्यों के 39 प्रत्याशियों और पंचायत समिति सदस्य के लिए 165 नामांकन भरे जा चुके हैं। इधर, भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के प्रत्याशियों की लिस्ट जारी नहीं की है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस सीधे​ रिटर्निंग अधिकारियों के पास सिंबल जमा करवाएगी। वहीं भाजपा आखिरी पर प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर सकती है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने संभावित दावेदारों को किए फोन बताया जा रहा है कि रणनीति के त​हत भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों की ओर से लिस्ट जारी नहीं की गई है। लेकिन, शनिवार को हुई बैठक के बाद दोनों दलों के नेताओं ने संभावित प्रत्याशियों को फोन कर नामांकन के लिए कह दिया था। दावा किया जा रहा है कि सोमवार को नामांकन भरने आए अधिकांश दावेदारों को संगठन की ओर से टिकट मिलने का इशारा कर दिया था। वहीं बाकी दावेदार मंगलवार को नामांकन भरेंगे।