पाली में प्रथम चरण के पंचायत चुनाव के तहत जिला परिषद सदस्यों के नामांकन जमा करवाने की आज आखिरी तारीख है। ऐसे में सुबह 10 बजे से ही प्रत्याशी समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचने लगे। इधर, कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अब तक अपने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी नहीं की है। ऐसे में जिन प्रत्याशियों को पार्टी से टिकट नहीं मिलने का संशय था, उन्होंने निर्दलीय और पार्टी के प्रत्याशी के रूप में दो-दो नामांकन जमा करवाए। लिस्ट जारी होने के बाद विरोध का सामना न करना पड़े, इसलिए दोनों पार्टियों के जिलाध्यक्ष और पर्यवेक्षक दोपहर 2 बजे बाद ही अपने प्रत्याशियों की लिस्ट जमा करवाने पहुंचेंगे। नामांकन के आखिरी दिन कलेक्ट्रेट में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले प्रत्याशी फॉर्म जमा करवाने पहुंचे। इनमें MA पास से लेकर अनपढ़ प्रत्याशी तक शामिल रहे। पहले चरण में 5 पंचायत समितियों में चुनाव पहले चरण में जिले की बगड़ी नगर, सोजत, मारवाड़ जंक्शन, सुमेरपुर और रानी पंचायत समितियों में पंच-सरपंच और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव होने हैं।