कोटा शहर के संकरे इलाकों में आग लगने पर अग्निशमन विभाग की ओर से तुरंत राहत मिल सकेगी। अब नगर निगम की ओर से दो फायर बाइक खरीदने की तैयारी की जा रही है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि शहर के हर हिस्से तक फायर ब्रिगेड किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पहुंच सके और कम से कम नुकसान हो, इसके लिए कोशिश कर रहे हैं। राज्य सरकार से प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद इनका टेंडर और ऑर्डर जारी किया गया है। सीएफओ व्यास ने बताया कि 10 से 15 दिनों के अंदर ये दोनों फायर बाइक बेड़े में शामिल हो जाएंगी, जिससे पुराने शहर और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आग पर त्वरित काबू पाया जा सकेगा। कोटा के वर्तमान अग्निशमन बेड़े में कुल छोटे-बड़े 35 वाहन है। इनमें 2 हाईड्रोलिक लेडर और 1 अत्याधुनिक वाटर टावर शामिल है। बाइक में वाटर मिस्ट सिस्टम, आसानी से पहुंचेगी कोटा में पुराने शहर के कई इलाके संकरे हैं। इन संकरे इलाकों में आग लगने की स्थिति में बड़ी दमकल गाड़ियों को पहुंचने में काफी समय लगता है या वे वहां तक पहुंच ही नहीं पातीं है। फायर फाइटिंग बाइक में वाटर मिस्ट सिस्टम और अन्य जरूरी उपकरण होते हैं, जो तंग रास्तों से होकर घटना स्थल पर तत्काल पहुंच सकते हैं। शहर में गर्मी के मौसम में बढ़ती आगजनी की घटनाओं और संकरी गलियों की चुनौती को देखते हुए यह मांग लंबे समय से की जा रही थी। चारों दिशाओं में बिछेगा फायर स्टेशनों का जाल मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि शहर की स्थिति को ध्यान में रखते हुए चारों दिशाओं में फायर स्टेशन स्थापित करने की योजना है। इस कड़ी में बारां रोड और नांता क्षेत्र में नए अग्निशमन केंद्र बनाने के लिए भूमि का आवंटन करा लिया गया है। इसी के साथ इमारत ढहने, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं या रासायनिक हादसों जैसी स्थितियों से निपटने के लिए राज्य सरकार और रीको के माध्यम से नए विशेष वाहनों की मांग भेजी गई है। इनमें मुख्य रूप से छोटी और संकरी गलियों के लिए फोम टेंडर, रेस्क्यू टेंडर शामिल है।