बाड़मेर शहर और ग्रामीण इलाकों की जर्जर सड़कों का एक दशक पुराना दर्द अब खत्म होने जा रहा है। 129.06 करोड़ रुपए की लागत से जिलेभर में 72 सड़कों का सुदृढ़ीकरण और नवनिर्माण होगा। सार्वजनिक निर्माण विभाग ने इन कार्यों के लिए वर्क ऑर्डर जारी कर दिए हैं। इस प्रोजेक्ट के तहत सबसे बड़ी राहत बाड़मेर शहर की उन सड़कों को मिलेगी, जो पिछले 10 सालों से गड्ढों और जलभराव का शिकार हैं। मुख्यमंत्री के शिलान्यास और घोषणा के साथ ही इन विकास कार्यों का रास्ता साफ हो गया है। बाड़मेर शहर में पिछले 10 सालों से गड्ढों और जलभराव का शिकार रही सेंट पॉल रोड और भगवती ग्रीन टाउनशिप रोड, शिव नगर का अब पूरी तरह सौंदर्यीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। यहां सालों से सड़क पर कंकरीट के अलावा कुछ नजर नहीं आता। हर तरफ जलभराव और गड्ढे ही नजर आते हैं।रोज परेशानी झेलनी पड़ती है। इन 72 कार्यों के पूरे होने से लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी। सेंट पॉल स्कूल और टाउनशिप की ओर जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी। बाड़मेर शहर के साथ चौहटन, गुड़ामालानी, शिव के ग्रामीण इलाकों का मुख्य राष्ट्रीय राजमार्गों से सीधा और सुगम संपर्क स्थापित हो सकेगा।