फलोदी शहर के सेवगो की बगीची क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दुकान के सामने गोवंश के अवशेष मिले। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डिप्टी अचलसिंह देवड़ा, थाना प्रभारी किसनाराम जांगू और एएसआई प्रकाश गोदारा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गोवंश के अवशेष को जिला पशु चिकित्सालय फलोदी भेजा। थाना प्रभारी किसनाराम जांगू ने बताया - प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आवारा कुत्ते गोवंश के सिर को सेवगो की बगीची क्षेत्र में लेकर आए थे। सीसीटीवी फुटेज में भी कुत्ते अवशेष ले जाते हुए दिखाई दिए हैं। हालांकि, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कुत्ते गोवंश के अवशेष को किस स्थान से लेकर आए थे। मेडिकल बोर्ड से गोवंश का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। डॉ. दिनेश मारुति ने बताया - प्रथम दृष्टया अवशेष एक-दो दिन पुराना लग रहा है। गोवंश की मौत की वास्तविक स्थिति और अन्य तथ्य पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।