फलोदी में डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के लिए ‘दूसरा दशक’ संस्था की ओर से तीन दिवसीय जन जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बाप और फलोदी क्षेत्र के 18 गांवों व ढाणियों में पहुंचकर 1000 से अधिक आमजन और स्कूली विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए। किशोर-किशोरियों ने संभाली जागरूकता की कमान परियोजना निदेशक मुरारी लाल थानवी ने बताया कि ‘दूसरा दशक’ से जुड़े किशोर-किशोरियों के नेतृत्व विकास के उद्देश्य से यात्रा आयोजित की गई। लीडर किशोर-किशोरियों को साइबर अपराध से संबंधित जानकारी देकर इसे ग्रामीणों और विद्यार्थियों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई। उन्होंने सरल भाषा में लोगों को साइबर ठगी के तरीके और उससे बचने के उपाय बताए। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एकां भाटियान और कानासर में विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी गई। चारणाई के पठान ने कहा कि ‘दूसरा दशक’ समय की जरूरत के अनुसार अलग-अलग मुद्दों पर काम करता है। वर्तमान में साइबर अपराध की रोकथाम और बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। OTP-पासवर्ड किसी से शेयर नहीं करने की अपील अखाधना की किशोरी पतासी ने आसपास हुई साइबर अपराध की घटनाओं के अनुभव साझा किए। घटोर के फिरोज मेहर ने लोगों से अपील की कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। जैमला के दिलीप ने कहा कि पहले चोर घर में आकर चोरी करता था, लेकिन तकनीक के दौर में साइबर ठग दूर बैठे ही लोगों के खातों से रकम निकाल सकते हैं। फलोदी की किशोरी चुका प्रजापत ने बताया कि पुलिस थाना या बैंक की ओर से अनजान ऑडियो या वीडियो कॉल कर व्यक्तिगत अथवा बैंक संबंधी जानकारी नहीं मांगी जाती। ऐसे कॉल आने पर कोई जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। ऑनलाइन खरीदारी और राजकॉप सिटीजन ऐप की दी जानकारी नूरे की भुर्ज में समुदाय सभा को संबोधित करते हुए मंजू कुमावत ने कहा कि साइबर अपराध होने पर घबराने के बजाय तुरंत 1930 पर कॉल कर सूचना दें। कीर्ति वैष्णव ने ऑनलाइन खरीदारी के दौरान होने वाली ठगी से बचाव के तरीके बताए। जैमला की सुआ ने राजकॉप सिटीजन ऐप की जानकारी दी। इस दौरान सहभागी सुमन, खुशी, जसराज, अशोक और मोनिका ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। राजकीय विद्यालय एकां भाटियान की प्रधानाचार्य शीना विश्नोई ने ‘दूसरा दशक’ से प्रशिक्षित युवाओं द्वारा आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने की सराहना की। कानासर स्कूल के व्याख्याता ओमप्रकाश गोदारा ने कहा कि संस्था के लीडर किशोर-किशोरियों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहद उपयोगी विषय की जानकारी दी जा रही है। स्कूली विद्यार्थियों लक्षिता, जगमाल और भानाराम सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी अपने साथ या आसपास हुई साइबर अपराध की घटनाओं के अनुभव साझा किए। नशा मुक्ति और सरकारी योजनाओं की भी जानकारी तीन दिवसीय जागरूकता यात्रा के दौरान साइबर अपराध के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभाव, स्टेट ओपन स्कूल, विभिन्न सरकारी योजनाओं और पंचायतीराज व्यवस्था की भी जानकारी दी गई। अभियान में ‘दूसरा दशक’ के कार्यकर्ता बीरबलराम, ममता लोहार, न्याज मोहम्मद, शोभा चौधरी, खुशबू चौधरी, बालाराम तथा आशा वर्कर संतोष और खेतु देवी का सहयोग रहा।