राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल, फलोदी में हिंदी दिवस के मौके पर हिंदी पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्रों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, रचनात्मकता और बोलने की क्षमता बढ़ाना है। संस्था प्रधान मन मोहन पुरोहित ने बताया- स्कूल के शिवहरि सभागार में इस पखवाड़े के तहत कई प्रतियोगिताएं हुईं। पहले और दूसरे दिन पोस्टर, स्लोगन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं हुईं। तीसरे और चौथे दिन अखिल भारतीय साहित्य परिषद ने निबंध लेखन, काव्य लेखन और काव्य-पाठ प्रतियोगिताएं करवाईं। इन सभी प्रतियोगिताओं में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हिंदी दिवस पखवाड़े के आयोजन प्रभारी बंशी लाल जयपाल और गिरिराज पुरोहित हैं। प्रतियोगिताओं में मीना पुरोहित, शशि पुरोहित, स्वरूप माली, विशंभर थानवी और सत्यनारायण पालीवाल ने निर्णायक की भूमिका निभाई। स्कूल प्रबंधन हिंदी भाषा के प्रति छात्रों में जागरूकता, सम्मान और गौरव की भावना जगाने के लिए लगातार ऐसी गतिविधियां कर रहा है। आने वाले दिनों में भी हर दिन अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।