फलोदी जिले में 'विकसित भारत जन सेवा जन अभियान' के तहत 19 से 25 सितंबर तक पंचायत समिति मुख्यालयों पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के संबंध में जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने शुक्रवार को एक बैठक ली और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। ये शिविर सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक चलेंगे। इन शिविरों में पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास, राजीविका, राजस्व, वन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, ऊर्जा, कृषि, आयोजन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, श्रम, आपदा प्रबंधन एवं सहायता, जल संसाधन, परिवहन, सहकारिता, शिक्षा, आयुर्वेद, सैनिक कल्याण, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू जल और सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित कई विभागों से जुड़े मामलों का निपटारा किया जाएगा। जिला कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी उपखंड अधिकारियों और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को अच्छे से लागू किया जाए और आम लोगों को राहत दी जाए। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रियंका तलानिया समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।